रात 12 बजे के बाद शहर में निकले एसपी, बेवजह घूमते लोगों की हुई फजीहत

गिरिडीह एसपी ने रात 10 बजे के बाद दुकानें बंद करने का निर्देश दिया है. साथ ही देर रात घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एसपी के नेतृत्व में चेकिंग करते पुलिसकर्मी

गिरिडीह: गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने अपराध नियंत्रण को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया है. गश्ती बढ़ाने के साथ ही संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया. इन निर्देशों के बीच एसपी शनिवार की रात 12 बजे अचानक अपने बॉडीगार्ड के साथ शहर में निकल पड़े. शहर की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले एसपी सबसे पहले उन चेक पोस्ट पर पहुंचे, जहां वाहनों की जांच होती है. चेक पोस्ट पर तैनात जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वाहनों की जांच करनी है. रात में दोपहिया वाहनों पर विशेष नजर रखनी है.

10 बजे रात के बाद बंद होगी बेवजह की दुकान

एसपी रात में उन स्थानों दुकानों पर भी पहुंचे जो रात 12 बजे के बाद खुले हुए थे. इस दौरान जो दुकान या गुमटी खुले हुए मिले उसके संचालक से पूछताछ की गई. साफ कहा गया कि रात 10 बजे के बाद दुकान को हर हाल में बंद कर देना है. मौके पर मौजूद नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद और इंस्पेक्टर मंटू कुमार को इसपर नजर रखने और दुकानें खुली रहने पर कार्रवाई करने को कहा है.

घूम रहे थे बेवजह, पहुंचे थाना

इस दौरान एसपी ने शहर में बाइक पर या पैदल घूम रहे लोगों से पूछताछ की. उनसे आईडी कार्ड मांगा गया. सही कारण नहीं बता पाने वालों की फजीहत हो गई. उन्हें थाना लाया गया और पूछताछ हुई. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को कहा कि रात 10-11 बजे के बाद जो लोग घूमते मिलेंगे, उनसे स्पष्ट कारण पूछा जाए. उचित कारण नहीं हो तो उनपर कार्रवाई करे.

अपराधियों-उच्चकों पर पैनी नजर: एसपी

एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि अन्य जिलों से आने वाली गाड़ियों, दो पहिया और चार पहिया की जांच करने का निर्देश दिया जा चुका है. ऐसे वाहनों से असामाजिक तत्व जिले के अंदर प्रवेश करते हैं, ऐसे में उनपर पैनी नजर रखी जाएगी. वहीं, ठंड को देखते हुए रात 10 बजे के बाद बेवजह की दुकानों को बंद करने को कहा गया है. आगे इस पर जनता की सुविधा के अनुसार निर्णय लिया जाएगा.

About Author

error: Content is protected !!