10 वर्ष की सजा काट जेल से निकला शख्स अवैध संबंध में मारा गया, पुलिस ने कब्र से निकाला शव

धनबाद: गोमो चार मार्च, 2015 को गोमो के रेलवे मार्केट चौक पर हरिहरपुर गांव के मकसूद अंसारी की हत्या के मामले में बिरजू सिंह उर्फ टिकला को जेल भेजा गया था। वह 10 वर्ष की सजा काटकर इसी साल 17 सितंबर को बाहर निकला था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उसके दोस्त कपिल ठाकुर ने पत्नी से अवैध संबंध के कारण एक सप्ताह पहले उसे मार डाला और शव को खेत में दफन कर दिया।

बुधवार को इसका पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने शव को खेत से निकाला। कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना हरिहरपुर थाना क्षेत्र की कोरकोट्टा पंचायत के लखनपुर शिव मंदिर के पास की है। इलाके में तब सनसनी फैल गई जब पता चला कि 40 वर्षीय टिकला की हत्या कर शव को खेत में दफन कर दिया गया है।

बुधवार से गायब था टिकला

सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। टिकला पिछले बुधवार से घर से गायब था। स्वजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। उधर, हरिहरपुर थाना की पुलिस तहकीकात में लगी थी। सुराग के आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कपिल को पकड़ा और कड़ी पूछताछ की। तब उसने मामला उजागर किया।

पुलिस पूछताछ में कपिल ने खोला राज

एसएसपी को इसकी सूचना दी गई। फिर कपिल की निशानदेही पर टिकला के शव को दंडाधिकारी बीडीओ एजाज हुसैन अंसारी के सामने कब्र से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के पूछने पर कपिल ने बताया कि चाकू से टिकला की जान लेने के बाद शव को दफना दिया था।

अवैध संबंध के कारण हत्या

यह भी बताया कि टिकला का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध था। इस कारण उसकी हत्या की। हत्या से पूर्व दोनों ने एक साथ शराब पी थी। टिकला के भाई राजेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे भाई की हत्या में और कई लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस कार्रवाई करे।

पुलिस के अनुसार, शव पूरी तरह खराब हो चुका था। मौके पर एसआइ सोहन साव, रंजन यादव, कपिल सिंह, इरफान अंसारी, बजरंगी दास आदि मौजूद थे।

About Author

error: Content is protected !!