रांची: झारखंड में हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के बाद सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आगामी 5 दिसंबर को करने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार सरकार ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए 5 दिसंबर के दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित करने का आग्रह राजभवन को औपचारिक तौर पर भेजा है। लेकिन आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का ऐलान अभी नहीं किया गया है। जानकारी के मुताबिक़ इस दिन 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह,कांग्रेस के चार और राष्ट्रीय जनता दल के एक मंत्री होंगे। वही इस बार मंत्रिमंडल में छह से सात नए चेहरों को मौका मिलना तय माना जा रहा है..
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जिनमे झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से चाईबासा के विधायक दीपक बिरुआ,घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन,मधुपुर के विधायक हफीजुल हसन,भवनाथपुर के विधायक अनंत प्रताप देव, जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी और टुंडी के विधायक मथुरा महतो को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। लेकिन ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और राजमहल के विधायक एमटी राजा के नाम पर भी चर्चा चल रही है। वही कांग्रेस की ओर से जिन चार विधायकों को मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है,उनमें लोहरदगा के विधायक रामेश्वर उरांव,जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी,महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह एवं पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव में कोई एक और कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी के नाम शामिल हैं..
इनमे भी रामगढ़ की विधायक ममता देवी, बेरमो के विधायक जयमंगल सिंह और मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह के भी नाम की चर्चा है। जबकि राजद के कोटे से देवघर के विधायक सुरेश पासवान मंत्री बनने की रेस में सबसे आगे बताए जाते हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि गोड्डा के विधायक संजय सिंह यादव और हुसैनाबाद के विधायक संजय प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद के लिए लॉबिंग की है…