धनबाद में चुनावी फॉर्म के नाम पर ठगी का खेल, अवैध वसूली करने वाला साइबर कैफे सील

धनबाद: चुनावी प्रक्रिया से जुड़े फॉर्म भरने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। वासेपुर के नूरी मस्जिद इलाके में संचालित एक साइबर कैफे को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सील कर दिया।

जानकारी के अनुसार, एसआईआर (Special Intensive Revision) से संबंधित फॉर्म भरने के लिए लोगों से 50 से 100 रुपये तक लिए जा रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच में पाया गया कि संबंधित साइबर कैफे बिना जरूरी अनुमति और वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहा था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैफे को बंद कर सील कर दिया। वहीं, संचालक की तलाश जारी है।

अधिकारियों ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कार्यों के नाम पर किसी भी तरह की अवैध वसूली या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे फॉर्म भरने के लिए केवल बीएलओ, सुपरवाइजर या प्रशासन द्वारा अधिकृत केंद्रों की ही मदद लें।
प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि मतदाता सूची में गलत तरीके से नाम जोड़ने या हटाने जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आरपी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।