निरसा: निरसा थाना क्षेत्र के देबियाना गेट के समीप राष्ट्रीय उच्चपथ-19 पर बुधवार की सुबह करीब सात बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार उत्तम कुंभकार की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, बागसुमा निवासी उत्तम कुंभकार अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में मुगमा जा रहे थे। इसी दौरान देबियाना गेट के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उत्तम कुंभकार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और निरसा पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए SNMMCH धनबाद भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उत्तम कुंभकार हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे थे, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका हेलमेट पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। निरसा पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय उच्चपथ-19 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जीटी रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। उधर, घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
इस हादसे ने एक बार फिर निरसा क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ हाइवा मालिक कम उम्र के युवकों और कथित तौर पर बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाले चालकों से भारी वाहन चलवाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से क्षेत्र में चलने वाले सभी हाइवा और अन्य भारी वाहनों की विशेष जांच कराने की मांग की है। लोगों ने चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, उम्र, वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच करने तथा निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
साथ ही फरार हाइवा चालक की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने और वाहन मालिक की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की गई है।
इस दर्दनाक हादसे में एक परिवार ने अपना सहारा खो दिया है, जबकि पत्नी और मासूम बच्चा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना के बाद भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।
