धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि: दर्ज मामलों से 71 अधिक कांडों का निष्पादन, लंबित मामलों की संख्या घटी

अक्टूबर में 412 मामले दर्ज, पुलिस ने 483 कांडों का किया निष्पादन; नवंबर के अंत तक लंबित मामलों को 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन में धनबाद पुलिस ने अक्टूबर महीने में बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले के विभिन्न थानों में अक्टूबर के दौरान 412 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने 483 कांडों का निष्पादन किया। इस तरह दर्ज मामलों से 71 अधिक मामलों का निष्पादन हुआ। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लंबित कांडों की संख्या घटकर 1562 रह गई है। नवंबर महीने के अंत तक इसे 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में अक्टूबर माह के अपराध और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में जिले में कोई बड़ी आपराधिक वारदात नहीं हुई। चोरी और चेन छिनतई की घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

यातायात नियम तोड़ने वालों से वसूला गया 53 लाख रुपये जुर्माना

अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अक्टूबर महीने में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से ट्रैफिक पुलिस ने करीब 53 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। एसएसपी ने सड़क पर जाम लगाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 149 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही संबंधित विभाग की ओर से टेंडर जारी किया जाएगा। कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख इलाकों पर नजर रखी जाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण और आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान में मदद मिलेगी।

गोविंदपुर से बैंक मोड़ तक जाम से निपटने की तैयारी

शहर के गोविंदपुर, सरायढेला बिग बाजार, हीरापुर, श्रमिक चौक और बैंक मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में यातायात की समस्या पर भी चर्चा हुई। गोविंदपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि शहर में जाम की एक बड़ी वजह पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होना है। इसके स्थायी समाधान के लिए नगर आयुक्त के साथ बैठक की जाएगी। इसमें पार्किंग व्यवस्था सुधारने और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाले जाम को रोकने के उपायों पर चर्चा होगी।

छठ घाटों पर ड्रोन से निगरानी, खतरनाक घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर

छठ महापर्व को लेकर भी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी प्रमुख छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

चिन्हित खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। वहीं, अधिक भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जाएगी। भीड़ के अनुसार पुलिस बल की तैनाती होगी।

एसएसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करें।

छठ के बाद फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

एसएसपी ने बैठक में स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के शांतिपूर्ण समापन के बाद जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान कुर्की-वारंट का निष्पादन और लंबित कांडों के त्वरित निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एसएसपी ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना धनबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरे पसंद आये तो चैनल को Follow, Like and Share कर हमारी मुहिम को मजबूत बनाएं।

 

About Author

error: Content is protected !!