शराब पार्टी के बाद 15-20 हजार रुपये लूटने की कोशिश, विरोध करने पर CCTV केबल से गला घोंटा और चाकू से रेता गला; दोनों आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद/कतरास : धनबाद के कतरास में मुन्ना पांडेय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पैसों के लालच में दोनों ने पहले पार्टी के बहाने मुन्ना पांडेय का भरोसा जीता और फिर मौका मिलते ही उनकी हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन गोप (33) और सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी (19) के रूप में हुई है। दोनों को जानकारी थी कि मुन्ना पांडेय के पास करीब 15 से 20 हजार रुपये मौजूद हैं। इसी रकम को हासिल करने के लिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात दोनों आरोपी मुन्ना पांडेय के घर पहुंचे थे। पार्टी के लिए मुन्ना पांडेय ने पैसे भी दिए। इसके बाद तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब मुन्ना पांडेय नशे में सो गए तो दोनों आरोपी घर में रुपये तलाशने लगे।
इसी दौरान कांसे का बर्तन गिरने से आवाज हुई और मुन्ना पांडेय की नींद खुल गई। उन्होंने दोनों युवकों को चोरी करते देख विरोध किया। पकड़े जाने के डर से सोनू कुमार राय ने CCTV कैमरे के केबल तार से उनका गला दबाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद मिथुन गोप ने चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी घर से CCTV, मोबाइल फोन और कांसे की तीन प्लेट लेकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सैमसंग एलईडी टीवी, कांसे की तीन प्लेट, हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून लगा कपड़ा और CCTV का काला केबल तार बरामद किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया।
इस कार्रवाई में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार समेत पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड का खुलासा हो गया है। महज कुछ हजार रुपये के लालच में हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
