
धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के गोल बिल्डिंग के समीप शनिवार को वाहन जांच के दौरान जमकर हंगामा हुआ। चालान काटने की कार्रवाई को लेकर कार सवार दो लोगों और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि सरायढेला थाना प्रभारी के साथ भी तीखी नोकझोंक होने लगी।

जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर चालान काटने की कार्रवाई शुरू की गई। इसका कार सवारों ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और उनके बीच बहस शुरू हो गई। हंगामे के कारण सड़क पर कुछ देर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी बहस होने लगी। इसके बाद पुलिस ने कार सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया।
महिला ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप
घटना के बाद कार सवार महिला ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। महिला के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।