मरीन ड्राइव पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार; मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 की मौत

जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा दोमुहानी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गई।

हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई थी, जिसके कारण शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद चारों शवों को कार से बाहर निकाला गया।

सड़क किनारे खड़ा था ट्रेलर
पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत थे या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

चार परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर सामने आने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया। मंत्री की बेटी की मौत की सूचना से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने घटना पर दुख जताया है।
पुलिस ने सभी शवों को एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। हादसे को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच जारी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।