भूली मोड़ फायरिंग के बाद ईस्ट बसुरिया में मुठभेड़, पुलिस की गोली से एक आरोपी घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद। भूली मोड़ फायरिंग कांड के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही धनबाद पुलिस का बुधवार देर शाम ईस्ट बसुरिया इलाके में संदिग्ध अपराधियों से सामना हो गया। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी के घायल होने की सूचना है।

पुलिस के मुताबिक, भूली मोड़ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हुए थे और उनके ईस्ट बसुरिया की ओर जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध अपराधियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक आरोपी को गोली लगने की बात सामने आई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि भूली मोड़ फायरिंग मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि भूली मोड़ इलाके में हुई फायरिंग में शानू खान, दुकानदार सद्दाम और कुमकुम नाम की महिला के घायल होने की बात सामने आई थी। अब इसी मामले की जांच के दौरान ईस्ट बसुरिया में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।
