11 हजार वोल्ट की चपेट में आकर झुलसा मिस्त्री, इलाज के खर्च की मांग पर अस्पताल के बाहर प्रदर्शन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद/गोविंदपुर: काम के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे मिस्त्री एजाज अंसारी के इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों ने डॉ. मिहीर किडनी केयर हॉस्पिटल के मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन किया।
परिजनों के अनुसार, गोविंदपुर के मिल्लत नगर निवासी एजाज अंसारी पिछले करीब डेढ़ वर्षों से अस्पताल में गेट-ग्रील का काम कर रहे थे। आरोप है कि 3 सितंबर को अस्पताल की छत पर काम करने के दौरान वह 11 हजार वोल्ट के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
सरकारी अस्पताल में कराया गया भर्ती
परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से एजाज को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, आगे के इलाज में होने वाले खर्च के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आर्थिक सहायता नहीं दिए जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है।
इलाज का खर्च उठाने में परिवार के सामने आर्थिक परेशानी आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए घायल के इलाज का पूरा खर्च उठाने और उचित मुआवजा देने की मांग की।
परिजनों ने लगाया धमकी देने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर आर्थिक मदद मांगने के दौरान कथित तौर पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
परिजनों के मुताबिक एजाज अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है और परिवार इलाज का पूरा खर्च उठाने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से घायल के इलाज की जिम्मेदारी लेने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है।