Independence Day से पहले ISI का संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, बंगाल STF ने खोला जासूसी नेटवर्क
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कोलकाता: स्वतंत्रता दिवस से पहले पश्चिम बंगाल STF ने कथित अंतरराष्ट्रीय जासूसी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी नागरिक राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम को गिरफ्तार किया है। STF के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान के फैसलाबाद का रहने वाला है और उसका संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से होने का संदेह है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, राणा रऊफ वर्ष 2012 से नेपाल में रह रहा था और बाद में अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने कोलकाता के तपसिया इलाके में फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के सहारे अपनी पहचान छिपाकर ठिकाना बनाया था।
STF को आशंका है कि आरोपी भारतीय सेना की पूर्वी कमान, BSF और रेलवे से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाकर पाकिस्तान भेजने की कोशिश कर रहा था।
निशानदेही पर सहयोगी भी गिरफ्तार
राणा रऊफ की निशानदेही पर उसके कथित सहयोगी मोहम्मद एजाज को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में एजाज पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने का आरोप है।
STF के अनुसार, हाल ही में बर्दवान से गिरफ्तार किए गए हमीम मंडल और अर्पिता सरकार से पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग सामने आए थे। जांच एजेंसी अब आरोपियों के नेपाल और बांग्लादेश कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
STF इस पूरे मामले में जासूसी नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज और कथित विदेशी कनेक्शन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।