टुंडी: दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, विधायक मथुरा महतो ने किया माल्यार्पण

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टुंडी: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, दिशोम गुरु, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्मभूषण से सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को टुंडी प्रखंड के पोखरिया स्थित शिबू आश्रम में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड समिति की ओर से किया गया।

शिबू सोरेन की कर्मभूमि रहे पोखरिया आश्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण एकत्रित हुए। कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने स्व. शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु ने अपने संघर्ष, त्याग और जनआंदोलन के बल पर झारखंड को नई पहचान दिलाई। उनके योगदान को झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र के मांझी-हड़ाम को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा महिलाओं के बीच साड़ी का वितरण किया। इसके बाद शिबू आश्रम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में टुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार पांडेय, अंचल अधिकारी (सीओ) सुरेश कुमार बरनवाल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रवण कुमार, टुंडी एवं मानियाडीह थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक सहित झामुमो के प्रखंड एवं जिला समिति  के पदाधिकारी, कार्यकर्ता  कामेश्वर प्रसाद सिंह और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

About Author

error: Content is protected !!