गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई

धनबाद। फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके घर पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया।

यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर की गई। मौके पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय, सीसीआर डीएसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सहित तीन डीएसपी और छह थानों की पुलिस समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।

कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा कारणों से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। मीडिया कर्मियों को भी कार्रवाई स्थल से सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

बुलडोजर की मदद से मकान को ध्वस्त किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि प्रक्रिया का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहे।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में निरसा विधायक अरूप चटर्जी को कथित धमकी मिलने के बाद प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के प्रावधानों के तहत की गई है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।