बोकारो में अवैध ईंधन कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल व इथेनॉल जब्त

बोकारो: जिले में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। अभियान के दौरान भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल का अवैध भंडारण बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है। मामले में संलिप्त कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई चास की अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी, सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह, बालीडीह थाना प्रभारी संदीप और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की।

छापेमारी के दौरान सबसे पहले सेक्टर-12 स्थित आरबीएस कॉलेज के पास एक एचपीसीएल ट्रांसपोर्टर के तेल टैंकर और ड्रमों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल बरामद किया गया। इसके बाद बालीडीह थाना क्षेत्र के बीपीसीएल प्लांट के पास सीमलदुही इलाके से भी ड्रमों में रखा पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल जब्त किया गया।

तीसरी कार्रवाई गरगा डैम के समीप झोपड़ा क्षेत्र में हुई, जहां एक छोटा तेल टैंकर, कई खाली ड्रम और अन्य सामग्री बरामद की गई।
चास एसडीओ ने कहा कि जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी अवैध रूप से पेट्रोल, डीजल या इथेनॉल का भंडारण या बिक्री होने की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
फिलहाल जब्त ईंधन की मात्रा का आकलन किया जा रहा है और संबंधित तेल कंपनियों द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।