कुल्टी में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में फैली सनसनी

कुल्टी: पश्चिम बंगाल के कुल्टी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब बोडरा कब्रिस्तान के समीप स्थित एक जोरिया (नाले) से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर पुलिस अधिकारी जावेद हुसैन, अशोक सिंहो महापात्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि स्थानीय लोग जल्द से जल्द मामले का खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं।