जामताड़ा में 3 साइबर ठग गिरफ्तार, बैंक अधिकारी बनकर करते थे ठगी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीतम दास, विनोद दास और मोहम्मद तुफान उर्फ तुफान अंसारी के रूप में हुई है। इनमें प्रीतम और विनोद सगे भाई हैं, जबकि तुफान अंसारी उनका सहयोगी बताया जा रहा है। तीनों आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े थे।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल और पुलिस निरीक्षक चन्द्रमणि भारती के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी, सकलपुर और तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में एक साथ छापेमारी की। रणनीतिक घेराबंदी के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि ये सिम कार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सक्रिय किए गए थे और इनका इस्तेमाल साइबर ठगी को अंजाम देने में किया जा रहा था।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड के जरिए किए गए साइबर अपराधों की भी जांच की जा रही है।