जमशेदपुर में बैंक मैनेजर के बंद घर में चोरी, अनोखा तरीका देख पुलिस भी हैरान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमोद नगर, जूही रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह घर पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर गोविंद चंद्र हांसदा का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हांसदा की पत्नी और बेटी पिछले करीब दो हफ्तों से पंजाब गई हुई हैं, जबकि वे स्वयं वर्तमान में मेदनीपुर में पदस्थापित हैं। ऐसे में घर पूरी तरह बंद था। घर की देखरेख के लिए बसंती पात्रों नामक महिला को जिम्मेदारी दी गई थी।
मंगलवार सुबह जब बसंती पात्रों सफाई के लिए घर पहुंचीं और दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर अलमारी सहित कई सामान टूटे और बिखरे पड़े थे। इससे साफ जाहिर होता है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में घुसकर चोरी की है।
घटना की सूचना तुरंत आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद पड़ोसियों ने मकान मालिक को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोविंद चंद्र हांसदा ने परसुडीह थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल चोरी में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।