धनबाद: SSP प्रभात कुमार का राजगंज थाना में औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के जल्द निष्पादन का निर्देश

धनबाद: SSP प्रभात कुमार का राजगंज थाना में औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के जल्द निष्पादन का निर्देश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को राजगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अंचल निरीक्षक मोहम्मद रुस्तम, थाना प्रभारी अलीशा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर के विभिन्न विभागों और कार्यालयों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने CCTNS कक्ष, कम्प्यूटर रूम, काउंसिलिंग सेंटर, मालखाना, बैरक, कॉन्फ्रेंस रूम, रिकॉर्ड रूम, कैंटीन, महिला हेल्प डेस्क और सीरिस्ता का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड व्यवस्था की समीक्षा की।
एसएसपी प्रभात कुमार ने थाना क्षेत्र में बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए NHAI के साथ समन्वय बनाकर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नई रणनीति बनाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने थाने में आने वाले सभी मामलों की सही प्रविष्टि और रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा।
उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की और महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने में दर्ज मामलों और उनके अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कांडों का जल्द निष्पादन करने और समय पर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल करने पर विशेष जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने थाना क्षेत्र में नियमित गश्ती अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया। लंबित वारंटों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी वारंटों का जल्द तामिल सुनिश्चित करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने राजगंज थाना को एक नया चार पहिया और दो पहिया वाहन उपलब्ध कराने की घोषणा की।
अंत में एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी।

About Author

error: Content is protected !!