पाकुड़ में पुलिस पर हमला : पेड़ से बांधकर ASI को पीटा, दूसरे की वर्दी फाड़ी

पाकुड़ में पुलिस पर हमला : पेड़ से बांधकर ASI को पीटा, दूसरे की वर्दी फाड़ी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पाकुड़ (Prime News 24): झारखंड के पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के अंगूठिया गांव में रविवार को अफरातफरी मच गई। गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिस दल पर हमला कर दिया — ASI गोविंद साहा को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी गई।

रविवार दोपहर ट्रैक्टर चालक मिट्टी ढो रहा था। इसी दौरान करमू राय (39) और सियो राय (36) अपने साथियों के साथ पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर चालक की पिटाई की गई। पीड़ित ने तुरंत चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस दल को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही ASI गोविंद कुमार साहा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठी, डंडे, पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ASI गोविंद साहा को पेड़ से बांधकर पीटा गया। पुलिसकर्मी उन्हें छुड़ाने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावरों की संख्या अधिक थी।

हमले की खबर थाने पहुंचते ही ASI दिलीप कुमार, अजय कुमार पासवान, नैमूल अंसारी और मुंद्रिका प्रसाद की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन भीड़ ने उन पर भी हमला बोल दिया।
इसमें ASI दिलीप कुमार घायल हो गए, जबकि ASI नैमूल अंसारी की वर्दी फाड़ दी गई और उनका बैच छीन लिया गया।

स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई और करमू राय और सियो राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को हिरणपुर थाना लाया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब 10 से 15 अज्ञात हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

एसडीपीओ दयानंद आजाद ने कहा, “पुलिस पर हमला बहुत गंभीर अपराध है, इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कांड संख्या 103/25 दर्ज की गई है। पुलिस समाज की सुरक्षा के लिए है और उस पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।”

अंगूठिया गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त जारी है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो।

About Author

error: Content is protected !!