गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बगोदर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र स्थित अटका कुबरीटांड गांव में पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, सरिया-बगोदर के एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया और टीम ने गांव में छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें, ढक्कन, रेपर और शराब बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्रियां बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से अवैध शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार को भी सीज कर लिया है। जब्त सामानों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीपीओ धनंजय राम ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और तस्करी जैसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इसमें शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
गिरिडीह पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।