Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जामताड़ा: जिले में अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो से विभिन्न ब्रांड की कुल 434 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 07 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा को अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या WB40AR-1027 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की कुल 434 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में शामिल हैं:
इम्पीरियल ब्लू – 240 बोतल
आइकोनिक व्हाइट – 92 बोतल
ब्लेंडर्स प्राइड – 36 बोतल
ऑफिसर्स चॉइस – 42 बोतल
स्नोकी – 24 बोतल
पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो चालक अमित कुमार और चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, तस्करी में रेकी करने के आरोप में मोटरसाइकिल सवार दयामय मंडल को भी गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान स्कॉर्पियो से दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद किए गए, जिन पर एक ही नंबर JH15AC-4759 अंकित था।
ये सामान किए गए जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 26,200 रुपये नकद और दोनों नंबर प्लेट को जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
अमित कुमार (29 वर्ष), निवासी मकदुमा रतनपुर, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार)।
चंदन कुमार (38 वर्ष), निवासी डूबौनी, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार)।
दयामय मंडल, निवासी बगदाहा, थाना खागा, जिला देवघर।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नाला थाना प्रभारी पु०अ०नि० विकास यादव ने किया। छापेमारी दल में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।