धनबाद रेलवे स्टेशन पर RPF-CIB की संयुक्त कार्रवाई, 25 बोतल व्हिस्की बरामद; आरोपियों को उत्पाद विभाग को सौंपा गया
धनबाद। रेलवे में शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा हुआ है। तस्कर मिठाई के डिब्बों में अंग्रेजी शराब की बोतलें छिपाकर ट्रेन में सप्लाई कर रहे थे। शुक्रवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अपराध आसूचना शाखा (CIB) और RPF पोस्ट धनबाद की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एलेप्पी एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्रवाई के दौरान दोनों के पास से 25 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 4,500 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,000 रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना पर रखी जा रही थी नजर
जानकारी के अनुसार, CIB धनबाद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को प्लेटफॉर्म संख्या-7 पर खड़ी ट्रेन संख्या 13351 एलेप्पी एक्सप्रेस के बी-1 कोच के पास निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान एक कोच अटेंडेंट और दूसरा व्यक्ति काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिए।
निगरानी के दौरान दूसरे व्यक्ति ने बैग से मिठाई के चार डिब्बे निकालकर कोच अटेंडेंट को दिए। अटेंडेंट ने उनमें से डिब्बों को कोच की अलमारी में रख दिया, जबकि एक डिब्बा अपने बैग में रख लिया। इसी बीच गश्ती दल ने दोनों को पकड़ लिया।
मिठाई के पांच डिब्बों से मिली 25 बोतल शराब
तलाशी के दौरान मिठाई के पांच डिब्बों से मैकडॉवेल्स नंबर-1 लग्जरी ब्लेंडेड व्हिस्की की कुल 25 बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल 180 मिलीलीटर की थी और इसकी कीमत करीब 200 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में कोच अटेंडेंट ने बताया कि वह ट्रेन में जरूरतमंद यात्रियों को शराब बेचकर पैसे कमाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- शंकर कुमार (45 वर्ष), निवासी भूली ई-ब्लॉक, सेक्टर-3, धनबाद।
- राजेश रजवार (30 वर्ष), निवासी धोबनी, बाधाडीह, थाना चिराचास, जिला बोकारो।
RPF टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त शराब और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंप दिया। कोच अटेंडेंट की गिरफ्तारी की सूचना संबंधित ईगल सिक्योरिटी सर्विस के इंचार्ज और उसके परिजनों को भी दी गई।
कार्रवाई में शामिल RPF टीम
ASI शशिकांत तिवारी, हेड कांस्टेबल फूलचंद महतो, मो. तनवीर खान, अमित प्रसाद, उमापति सिंह, अमित कुमार वर्मा और प्रबिन्द कुमार शामिल थे।