धनबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: छापेमारी से लौट रही पुलिस टीम की बोलेरो ट्रेलर से टकराई, एक जवान शहीद, तीन गंभीर

धनबाद: हजारीबाग के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मंगलवार को मैथन क्षेत्र में छापेमारी कर लौट रही थी। इसी दौरान धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पुलिस की सरकारी बोलेरो की भीषण टक्कर हो गई।

हादसे में 50 वर्षीय जवान रामलखन यादव की मौके पर ही शहादत हो गई, जबकि नरेश यादव, ग्रीन पासवान और चालक गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घायलों को पहले शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, टीम एक अभियुक्त की तलाश में मैथन गई थी और कार्रवाई के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।