सांसद ढुल्लू महतो का बड़ा हमला, अरूप चटर्जी पर लगाए गंभीर आरोप; तस्वीरें दिखाकर बोले- कोर्ट जाएंगे

सांसद ढुल्लू महतो का बड़ा हमला, अरूप चटर्जी पर लगाए गंभीर आरोप; तस्वीरें दिखाकर बोले- कोर्ट जाएंगे

धनबाद: कोयलांचल की राजनीति में एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। धनबाद के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सांसद ने मीडिया के सामने कुछ तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि इन तस्वीरों में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित शूटरों के साथ विधायक अरूप चटर्जी की मौजूदगी दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन संबंधों की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
ढुल्लू महतो ने दावा किया कि प्रिंस खान के फरार बताए जा रहे शूटर मोइज खान और रिजवान सिद्दीकी का संबंध भाकपा माले से है और उन्हें विधायक का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सांसद ने कहा कि धनबाद में अपराध और राजनीति के कथित गठजोड़ की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने ऐलान किया कि इस मामले को लेकर वह जल्द ही न्यायालय का रुख करेंगे और जनहित याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग मिलकर उन्हें घेरने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद के विकास कार्यों को किसी भी राजनीतिक साजिश से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
अब इस मामले में विधायक अरूप चटर्जी की प्रतिक्रिया का इंतजार है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच धनबाद की राजनीति और कानून व्यवस्था पर बहस तेज हो गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!