जालान फैक्ट्री हादसे में घायल कर्मी की मौत, 8 लाख मुआवजा और आश्रित को नौकरी पर बनी सहमति

जालान फैक्ट्री हादसे में घायल कर्मी की मौत, 8 लाख मुआवजा और आश्रित को नौकरी पर बनी सहमति

धनबाद: भूली स्थित जालान फैक्ट्री में 29 जून को हुए औद्योगिक हादसे में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय कर्मी अकरम खान की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर लोगों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट को जाम कर प्रदर्शन किया।

मौके पर पहुंची भूली ओपी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना था कि अकरम खान परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।

मामले को लेकर वार्ड-17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी, कांग्रेस नेता नौशाद आलम और खुर्शीद आलम समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भूली ओपी पहुंचे। ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर की मौजूदगी में फैक्ट्री प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच वार्ता हुई।

वार्ता के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति जताई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और फैक्ट्री के बाहर स्थिति सामान्य हो गई।
जानकारी के अनुसार, अकरम खान पिछले करीब 20 वर्षों से जालान फैक्ट्री में कार्यरत थे। 29 जून को मशीन की बेल्ट के पास काम करने के दौरान अचानक मशीन चालू हो जाने से वह बेल्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन, श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!