धनबाद पहुंचे आईजी शैलेंद्र सिन्हा, संगठित अपराध पर सख्ती के निर्देश

बोले– अपराधियों का नेटवर्क किया जाएगा ध्वस्त, प्रिंस खान पर कार्रवाई जारी
धनबाद। बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा सोमवार को धनबाद पहुंचे। समाहरणालय में उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बैठक से पहले धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान आईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति, अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई और जिले की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाए और अपराधियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए समन्वित कार्रवाई की जाए।
हाल के दिनों में फरार अपराधी प्रिंस खान द्वारा सांसद ढुल्लू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी को मिली कथित धमकी के संबंध में पूछे गए सवाल पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रिंस खान के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की गई है और उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी आपराधिक गतिविधि को सफल नहीं होने देगी। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।