बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रंगदारी-लूट की साजिश नाकाम, दो युवक गिरफ्तार, 4 अवैध हथियार बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बोकारो: बोकारो पुलिस ने रंगदारी और लूट की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो देशी रिवाल्वर, दो देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 1 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि जरीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम तिरो टोला राजवारडीह में दो युवक अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ बेरमो (तेनुघाट) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घर के छज्जे और तकिए के नीचे छिपाकर रखे गए दो देशी रिवाल्वर, दो देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम कुमार दास (19 वर्ष), निवासी पाथुरिया दास टोला, तथा विक्रम कुमार कपरदार (19 वर्ष), निवासी तिरो टोला राजवारडीह, थाना जरीडीह, के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन अवैध हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ माह पहले ये हथियार पश्चिम बंगाल से आए दो अज्ञात व्यक्तियों से खरीदे गए थे।
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ बेरमो रविन्द्र कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह, जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चन्द्र महतो सहित जरीडीह थाना की पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।